Saturday, January 7, 2012

सावधान

बात 1997 की है। जब मैं चौथी कक्षा में पढ़ता था, गांव का सरकारी स्कूल। शिक्षकों की कमी का दौर था। मेरे गांव के पड़ोसी गांव में तो एक शिक्षक ही था, इसीलिए दोनों गांवों के बच्चे एक साथ पढ़ते थे। हमारे गांव के स्कूल में कक्षाएं एक साथ लगती थीं। एक मासाब थे मिश्रा सर, बड़े ही सख्त, शराब के आदी। एक दिन मैं स्कूल की खिड़की पार कर निकल गया, तब सर को पता चला तो, आव देखा न ताव उलटी हथेली गाल पर रख दी। उनकी सोने की अंगूठी मेरे गाल पर छप गई, जैसे किसी ने सील लगा दी। बस अपन रोते-रोते घर पहुंच गए। मेरी बऊ (दादी) ने ऐसा देखा तो गुस्से से लाल हो गई और पहुंच गर्इं स्कूल। मिश्रा जी को खूब डांट पड़ी। इसके बाद जब मां को जानकारी लगी तो उन्होंने बऊ को समझाया और मुझे धमकाया। कहा, दो बार ऐसी गलती की तो मैं भी मारूंगी।
उस समय शिक्षा का अधिकार कानून लागू नहीं हुआ था। शिक्षक रूल से पिटाई करते थे। बेशरम (एक प्रकार का पौधा)  की छड़ी से पिटाई होती थी। सजा पर रोक नहीं थी। आप सोच रहे होंगे ये आत्मकथा मैं आपको क्यों सुना रहा हूं।
दरअसल भोपाल के एक स्कूल की घटना ने मुझे यह लिखने पर मजबूर कर दिया। लाइब्रेरी में बैठे छात्र जब हू-हल्ला मचा रहे थे तो एक शिक्षक ने उन्हें सजा दे दी। वो भी 500 बार यह लिखवाया कि हम दोबारा अनुशासन नहीं तोड़ेंगे। बेशक बच्चे बहुत छोटे थे। पर माता-पिता को यह मामला बड़ा लगा, अखबार में खबरें छपीं। बाल अधिकार संरक्षण आयोग स्कूल पहुंच गया। आखिर इतनी जरूरत क्या थी। बच्चों को दी गई सजा मामूली थी। शारीरिक भी नहीं। ऐसे में माता-पिता इतने उत्तेजित कैसे हो सकते हैं। क्या बच्चों को सिर में नहीं चढ़ा रहे हैं।
पिछले साल की घटना को ले लें राजधानी के एक प्रतिष्ठित स्कूल जिसका रिजल्ट अब खराब हो गया है, में पढ़ने वाले छात्रों को स्कूल ने टीसी दे दी थी, कारण था वे पढ़ाई के प्रति लापरवाह और अनुशासन को तोड़ने में हमेशा आगे रहते थे। कई बार चेतावनी के बाद भी वे नहीं सुधरे तो स्कूल ने बाहर कर दिया। विवाद कलेक्टर तक पहुंच गया। शिक्षा के अधिकार कानून का भला हो। स्कूल की नहीं चली और बच्चे फिर स्कूल में पहुंच गए। रिजल्ट आया तो मेरिट में कोई भी छात्र नहीं था, एक ऐसे स्कूल से जिसने कई आईएएस दिए हैं।
बच्चों की हरकतों पर नजर न रखने के कारण बच्चों में कई समस्याएं आ रही हैं। ऐसे में बच्चों को अच्छे संस्कार देने का समय आ गया है, नहीं तो इस उम्र में बच्चे क्या सीखेंगे उसके दूरगामी परिणाम दुख भरे हो सकते हैं।
गाजियाबाद के एक स्कूल की घटना है, न्यू ईयर में 10वीं के छात्र-छात्राएं शराब पीते पकड़े गए। ये बच्चे घर से पार्टी मनाने की बात कहकर निकले थे। माता-पिता को क्या पता कि वे क्या कर रहे हैं। ये बच्चे 12-15 साल की उम्र के थे।
.......................
शोध का सच
एक शोध में वैज्ञानिकों ने पाया है कि बच्चे जल्द युवा बनने की चाहत रखते हैं। पर्यावण के बदलने के साथ-साथ बच्चों में सेक्चुअल हार्मोन भी जल्द विकसित हो रहे हैं। बच्चे ब्यॉवफ्रेंड, गर्लफ्रेंड की बातें करते हैं। प्यार के बारे में कुछ पता नहीं, लेकिन पटरी पर कट जाते हैं।  स्कूलों में मस्ती के स्तर को भी पार कर जाते हैं। स्कूलों में मोबाइल फोन ले जाते हैं, ऐसे वैसे नहीं ब्लैकबेरी। एक छात्र जब दूसरे को यह दिखाता है तो उनके अंदर प्रतिस्पर्धा की भावना आती है। पढ़ाई दूर की बात यू-ट्यूब पर वीडियो देखते हैं। अश्लील फिल्में भी देखते हैं। एक कमरे में कैद बच्चे क्या कर रहे हैं। कामकाजी माता-पिता को इसकी जानकारी ही नहीं रहती। ऐसे में बच्चों को इतना सिर में चढ़ाना गलत है। बच्चों के बारे में हमेशा जानकारी लेना पालकों का कर्तव्य होना चाहिए।

Wednesday, November 30, 2011

कन्या की आवश्यकता, सरकारी नौकरी

  राजपूत, क्षत्रिय, कलार, 30 वर्ष, 5 फीट 8 इंच, सरकारी नौकरी, 20 हजार रुपए मासिक वेतन, एमबीए, पीएचडी युवक हेतु सुंदर कन्या की आवश्यकता है। 
 
जी हां
यह एक विज्ञापन है। ऐसा विज्ञापन मैं कई लोगों के लिए बनाता हूं, क्योंकि लोगों को लगता है पत्रकार है अच्छा बनाएगा। अकसर ऐसे विज्ञापन रविवार को ही छपते हैं।
.................
रविवार सुबह 6 बजे
अचानक फोन घनघनाने लगे
लड़की वाले: जी....... हम बैतूल से बोल रहे हैं......... हां जी वो पेपर में पढ़ा था आपका बेटा कौन सी नौकरी करता है
लड़के के पिता: जी हां सरकारी नौकरी में हैं हमारा लड़का
लड़की वाले: अच्छा साब कितनी तन्खा है।
लड़के वाले : 20 हजार रुपए महीने (15 है तो 5 बढ़ा दिए, ऐसा भी होता है)
लड़की वाले: सर, उपरी कमाई भी होगी कुछ
लड़के वाले: जी हां वो तो हर सरकारी नौकरी वाले की होती है
दोनों हंसते हैं.......
लड़के वाले: आपकी बेटी कहां तक पढ़ी है
लड़की वाले: जी एमटेक है, बैंक की नौकरी की तैयारी कर रही है
लड़के वाले: बढ़िया, हम तो सुंदर बहू ढृूंढ रहे हैं, देखिए भाग्य में जो लिखा है वही होगा।
लड़की वाले: हमें तो कैसा भी लड़का चलेगा बस सरकारी नौकरी में हो।
लड़के वाले : हां साब आज कल सरकारी नौकरी कहां मिलती है। टार्च लेकर ढूंढने पर भी नहीं मिलते।  हमारे यहां तो रिश्तों की लाइन लगी है पर सोच रहे हैं, शादी एक बार करनी है अच्छे (थोड़े घमंड से) से ही करेंगे।
लड़की वाले: साहब हम तो शादी जैसी कहेंगे वैसी ही कर देंगे।
(न नाम पूछे न पता, शादी तक बात पहुंच गई, देखिए विडंबना। बात बढ़ती जा रही है अब देखते हैं आगे क्या होता है)
लड़के वाले: साहब वो फोटू भेज देते तो लड़की देख लेते हम।
लड़की वाले: पता लिखवा देना जी, अरी ओ सोनू की मम्मी पेन डायरी देना , अरे साब जरा रुकिए हां। अब बोलें पता .........
लड़के वाले : जी ठीक है हम बताते हैं
(फोन कटा नई कि दूसरा वेटिंग में आ जाता  है)
हलो जी कहां से बोल रहे हैं........
लड़के वाले: हम तो भोपाल से चतुर्वेदी बोल रहे हैं आप कौन
लड़की वाले: जी वो लड़के-लड़की के बारे में बात करनी है।
लड़के वाले: जी जी ........
सुबह से इतने फोन आ रहे हैं कि क्या बताएं
आपकी बेटी कैसी दिखती है
लड़की वाले: साब फेयर कलर है, खाना बनाना भी जानती है बीए कर रही है, लड़की है जितनी जल्दी हो तो ससुराल भेज दो। अच्छा है
लड़के वाले: हां साब
लड़की वाले: लड़का की तन्खा बताइए
लड़के वाले: साहब 20 हजार रुपए महीना है और उपरी कमाई भी है फारेस्ट में है न लड़का।
लड़की वाले: हां समझ गए एक सागौन बेंचा नई कि हजार रुपए मिल जाते हैं
हा हा.......हा दोनों हंसते हैं।
लड़के वाले: आप शादी कैसी करेंगे।
लड़की वाले: हम तो बड़े खेत-बाड़ी वाले हैं , बड़ी लड़की की दार हमनें इंडिका दिए थे, दामाद मास्टर थे। अब तो और अच्छी करेेंगे।
लड़के वाले: फिर भी बजट तो बताएं
लड़की वाले: अरे साब हमें तो सरकारी नौकरी वाला लड़का चाहिए। 15 लाख रुपए तो कम से कम खर्चा करेंगे ही।
लड़का वाले: जी ...जी...
..............
ऐसे ही कई फोन, लड़के वाले तो फूले नहीं समाए
500 रुपए के विज्ञापन के कारण मप्र छत्तीसगढ़ के लाखों के आफर आ गए।
जी हां आजकल सरकारी नौकरी पढ़, सुनकर ही लोग बेटी के लिए रिश्ते तय कर देते हैं, लड़का की योग्यता की छोड़िए, जोड़ी से मतलब नहीं।
..............
क्यों पसंद आते हैं सरकारी नौकर
- लोगों को पता है उपरी कमाई होगी
- कंप्यूटर आॅपरेटर भी है तो 10 रुपए तो एक लेटर के ले ही लेगा
- मनरेगा में पंचायत सचिव है तो प्रमाण पत्र के 5-5 रुपए ले लेगा
- पोस्ट मास्टर है तो पेंशन निकलवाने आने वाले बुजुर्गों से 5 से 10 रुपए ले लेगा
-इंजीनियर है तो बिना पैसे बिल्डिंग की डिजाइन पास नहीं करेगा
-डॉक्टर है तो सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीज को कहेगा, प्राइवेट में आना
-रेलवे में टिकट कलेक्टर है तो, बिना टिकट वालों को 50 रुपए में सीट दे देगा
-रेलवे में गार्ड है तो खुद जमीन में सो जाएगा, 200 रुपए में खुदकी सीट दे देगा
- अगर संविदा मास्टर भी है तो सरकारी स्कूलों में बच्चों से मार्कशीट के 5-5 रुपए ले लेगा
बाकी बड़ी नौकरियों को छोड़िए साहब इतना भ्रष्टाचारी दामाद के लिए तो कोई भी अपनी फूल सी बेटी सरकारी नौकर को दे ही देगा, भले ही बेटी पांच फीट की हो और दामाद 6.9 का।
............
शहर में रहेगी बेटी
आजकल मां-बापों की सोच बन गई है कि हमारी बेटी ससुराल से दूर ही रहे। अगर शहर में लड़का नौकरी कर रहा है तो बेटी हमेशा शहर में रहेगी। सास-ससुर तो बोझ बन जाते हैं। मां-बाप इस बात को भूल जाते हैं कि हमारे भी बेटे हैं।
.............
प्राइवेट वाले और किसानों का क्या

अगर कोई बड़ी सॉफ्टवेयर या अन्य कंपनी में काम करता है तो उसको तो लड़की मिल ही जाएगी। लेकिन अगर लड़का कम तन्खा वाली प्राइवेट नौकरी कर रहा तो तो शादी तो भूल ही जाए। मार्केट में उसकी कम वैल्यू है। अगर लखपति किसान भी है और वो वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर 50 हजार रुपए महीने कमाता है तो, 10 हजार रुपए वाले सरकारी नौकर से पीछे है। सरकारी तो सरकारी है।
.........
नोट: उपर लिखा गया लेख पूर्णत: व्यवहारिक है। लेखक ने इसे देखा और समझा है, लेकिन किसी की वास्तविक   जिंदगी से इसका कोई सरोकार नहीं है।

Sunday, August 21, 2011

दो ड्राइवरों ने ले ली 10 यात्रियों की जान

  ड्राइवरों नें कुछ इस तरह जलाइं एक दूसरे की बसें




कई यात्री गंभीर रूप से झुलसे
मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
बस में 40 लोग सवार थे
 बाद वाली बस को पेट्रोल डालकर जलाया गया
सवारी ढोने को लेकर हुआ विवाद
आग लगाते समय यात्रियों को बस में बंद कर दिया गया था
घटना के मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश
..........................................................

  इस वीभत्स घटना में आरोपियों को फांसी मिले भी तो कम है, आखिर बेकसूरों की जान वापस कैसे आएगी। हां हमारे मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपए सहायता देने की बात कही है। 
.................................................
बड़वानी जिले के बालसमुद के पास रविवार को दो बस चालकों में हुए विवाद के बाद दोनों बसों में आग लगा दी गई, जिसके चलते 10 निर्दोष यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई और कम से कम 10 अन्य व्यक्ति बुरी तरह झुलस गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।अपुष्ट सूत्रों के अनुसार मृतक संख्या काफी ज्यादा हो सकती है। बताया जाता है कि जिस बस को बाद में आग लगाई गई उसमें 40 लोग सवार थे। इस बस को पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई गई। घटना के मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए गए है।
राजमार्ग क्रं. 3 पर रविवार दोपहर को सेंधवा से इंदौर जा रही निजी यात्री बस (सांईकृपा बस  क्रं. एमपी-09-एफए-2717) तथा आरजे-09-पीए-1442 अशोक ट्रेवल्स के परिचालकों में सवारी ढोने को लेकर हुए विवाद हुआ। ग्राम जामली स्थित टोल प्लाजा पर कहा सुनी हुई। विवाद में अशोक ट्रेवल्स के कर्मचारी ने टोल प्लाजा से लगभग 5 किमी दूर स्थित बालसमुद परिवहन चौकी के समीप पीछे से आ रही सांईकृपा ट्रेवल्स  बस को रोककर  मुख्य द्वार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बताया जाता है कि यह बस मां शारदा टेवल्स से अटैच है, विवाद में हुई आगजनी की घटना से घबराए कुछ यात्री बस से उतर कर भागने में कामयाब रहे, वहीं अन्य कई लोग बुरी तरह से झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों राजेश मुजाल्दे के अनुसार लगभग 4.30 बजे अशोका ट्रेवल्स से उतरे एक कर्मचारी ने सांईकृपा टेवल्स की बस को रोका और उसमें आग लगाई। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के चलते घटना के समय बस में लगभग 40 से अधिक यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग इतनी भयानक थी कि उसके समीप जाकर यात्रियों को बचाने की कोशिश भी नहीं कर पाए। अफरा-तफरी के माहौल में बस में कितने यात्री उतर पाए और कितने यात्रियों की जीवनलीला जल कर समाप्त हो गई, इसका उस समय अंदाजा तक नहीं लगाया जा सका। 


गुस्साई भीड़ ने लगाई आग
अचानक हुई इस घटना से परिवहन चौकी तथा ग्राम सालीकला के ग्रामीणजन एकत्रित हो गए। घटना की सच्चाई से अवगत होने पर गुस्साई भीड़ ने दूसरी बस आरजे-09-पीए-1442  में भी आग लगा दी। जिसमें कोइ भी हताहत नहीं हुआ।
बड़वानी एसपी आरएस मीण ने बताया कि आपसी विवाद में बस चालक और परिचालक ने पेट्रोल डालकर दूसरी बस को आग लगाई है, जिसमें 10 लोगों की मौत हो चुकी है। फरार दोषियों की खोजबीन आरंभ कर दी गई है। मंदसौर स्थित बस मालिक से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।

एक ही परिवार के चार जले
इस घटना एक ही परिवार के चार सदस्यों के जल जाने की समाचार प्राप्त हुए है। बताया जा रहा है कि राजेन्द्र पिता बाबूराव खोरी निवासी धार अपने पिता बाबूराव खोरी (62), माता सुमन (55), पत्नि मनीषा (28), पुत्री साक्षी (3) तथा पुत्र अमन 6 माह के साथ सेंधवा में अपने छोटे भाई की ससुराल अरूण मेवाड़े के घर रविवार दोपहर 1 बजे के लगभग पहुंचे थे। जो सांईकृपा बस से वापस लौट कर धार जा रहे थे। घटना के बारे में राजेन्द्र ने बताया कि आगजनी के पश्चात उन्होंने अपने 6 माह के पुत्र को खिड़की से फेंक कर स्वयं भी कूद गए, लेकिन अपने माता-पिता, पत्नि तथा पुत्री को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग का शोला बन चुकी बस में वह दूसरी मर्तबा घुस नहीं पाया। जिससे उनके पूरे परिवार की मौत हो गई। शासकीय अस्पताल में पहुंचे नर कंकालों में 8 कंकाल उम्र दराज तथा दो कंकाल बच्चों के बताया गए हैं। घटना में अस्पताल में पहुंचे कंकालों में एक कंकाल की स्थिति दिल दहलाने वाली थी। 

................................
प्रारंभिक जानकारी नें पता चला हैं कि जलाई गई बस शारदा ट्रेवल्स इंदौर की है। वही दूसरी बस रिषीराज ट्रेवल्स की बताई जा रही हैं। इन दोनों बसो के मालिकों में पहले से विवाद चल रहा हैं। घटना के एक घंटे पहले भी विवाद हुआ था। इसके बाद घटना को अंजाम दिया गया हैं। इस मामाले में आरजे 09 पीए 1442 के चालक तरूण सोनी, कंडक्टर दिलीप शर्मा दोनो निवासी मंदसौर और एक अन्य कंडक्टर राजकुमार निवासी गुना के खिलाफ हत्या और आगजनी का मामला दर्ज कर लिया गया हैं। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही हैं।
अनुराधा शंकर,  आईजी इंदौर रेंज 

Saturday, August 6, 2011

ये कैसी स्वतंत्रता

  आजादी के 64 साल बीत गए हैं। भारत की जनता ने खोया ज्यादा है, पाया कम। हां लेकिन यह सच है कि खोने-पाने के इस गणित में कई लोग ऐसे हैं, जिन्होंने बहुत कुछ पा लिया। उनमें से एक हैं हमारे देश के नेता और अफसर। इन दोनों की जुगलबंदी का ही नतीजा है कि अब जिसके घर भी छापा पड़ता है करोड़पति निकलता है। भले ही भारत में लाखों लोग दो वक्त की रोटी को तरसते हों, पर ये नेता-अफसरों को कोई चिंता नहीं। उन्हें तो रहने को बंगला, खाने में 56 भोग हर दिन मिलता है। अब देखिए हम में से भी 90 फीसदी लोग ऐसे मिल जाएंगे जो गरीबी पर बात नहीं करना चाहते। गरीब, झुग्गीझोपड़ी वालों की तस्वीर दिखाना पसंद नहीं करते। हमें तो सिर्फ अपनों से मतलब हो गया है। अपनी नौकरी करो, वेतन पाओ, किसी से क्या करना है। ऐसी मानसिकता कहां ले जाएगी, जरा सोचिए। कुछ दिनों पहले की बात है इंदौर संभाग में पदस्थ एक इंजीनियर के घर छापा पड़ा तो उसके पास 5 करोड़ रुपए की दौलत मिली, बंगला 80 लाख से कम का नहीं, कार भी दो-दो। भोपाल में भी ऐसे आईएएस अधिकारी सामने आए जिन्होंने जिंदगी भर रिश्वत ली, बस और कुछ नहीं। पकड़े जाने के बाद भी उन्हें जेल नहीं हुई। बेबसी देखिए देश के विभिन्न जेलों में कैद कुल 70 फीसदी व्यक्ति विचाराधीन कैदी की श्रेणी में आते हैं। इनमें से कई ऐसे हैं, जिनपर मामूली अपराध दर्ज हैं या फिर बेकसूर हैं। पर क्या करें, कई दिनों से जेल में सड़ रहे हैं। ऐसा देश है मेरा। हमारे देश को जितना अंग्रेजों ने नहीं लूटा उतना हमारे नेता और अफसरों ने लूटा है। मैं विश्वास से कह सकता हूं कि  मप्र के सभी सरकारी इंजीनियर जो 90 से पूर्व में भर्ती हुए हैं, उनकी इमानदारी से तलाशी ली जाए तो 50 प्रतिशत से अधिक अनुपातहीन संपत्ति के मालिक हैं। ऐसे ही हैं आईएएस व अन्य अधिकारी। नेताओं की बात करना ही बेकार है, सांप के बिल में कौन हाथ डाल सकता है। साहब यह कोई बकवास नहीं है। हो सकता है कई लोगों को यह पढ़ने में बोझ लग रहा हो पर क्या करें। सच्चाई से रूबरू कराना तो काम ही है हमारा। अगर भारत को वाकई स्वतंत्र कराना है तो हमें लड़ना होगा उन नेताओं से जो भ्रष्टाचार के पितामह है, उन अफसरों से जो विभागों को अपने पिता की संपत्ति समझने की गलती कर बैठे हैं। याद दिला दूं 16 अगस्त से भ्रष्टाचार के विरोध में अन्ना हजारे भूख हड़ताल शुरू कर रहे हैं। सरकारी लोकपाल पास हो गया तो गलत हो जाएगा। इसलिए इतना दबाव बनाना होगा कि जनलोकपाल ही पास हो। इस 15 अगस्त पर प्रतिज्ञा लें कि अन्ना का सहयोग करेंगे। सड़कों पर उतरेंगे। वैसे ही जैसे कि मिस्र में राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक को हटाने जनता सड़कों पर उतरी थी। वैसे ही जैसे कि यमन में जनता सड़कों पर आई थी, सीरीया, लीबिया (खाड़ी देश) से भी हम सीख सकते हैं। आइए शामिल होते हैं अन्ना के जन आंदोलन में, ताकि आने वाले कल में हम वाकई स्वतंत्रता की सांसें ले सकें और गर्व से कह सकें कि ‘हम आजाद हैं’।
  ‘जन लोकपाल कानून कोई पूरी व्यवस्था को ठीक कर देने का दावा नहीं है..यह तो सिर्फ इतनी सी पहल है भ्रष्टाचार करने वाले अफसर और नेताओं को जेल भेजा जाए....बस इतना सा है ये अभियान...... आइए इसमें साथ चलें..शायद हम और आप मिलकर इसे आन्दोलन बना सकें... जिससे वह भारत निकल सके जो हम आजादी के 63 साल बाद होना चाहते हैं...’

अन्ना के अभियान  से जुड़ने के लिए इस नंबर पर मिस्ड कॉल कर सकते हैं
02261550789

Saturday, April 2, 2011

आप क्या कर रहे हैं किसान भाई



    जो जमीन जिंदगी दे रही है, और जो जवान जमीन को अपना जमीर समझ रहा है। उसी की वजह से ही सारी दुनिया जीवित है। जीं हां मैं बात कर रहा हूं किसानों की, वो ही इंसान जो हर हाल में मेहनत करता है और अनाज पैदा करता है। उसी अनाज को खरीदकर देश की 80 फीसदी जनता खाती है। किसान को पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री ने जय जवान की संज्ञा दी थी। पर अब वह किसान भी लोभ में अंधा होता जा है। अपने खेतों तबाह करने में वह आगे बढ़ता ही जा रहा है। खेतों की नरवाई हटाने (गेहूं की कटाई के बाद बचा नीचे का कचरा) वह खेतों को आग लगा देता है, जिससे पूरा खेत जल जाता है और खेत एकदम साफ हो जाता है। पर इस काम को करने के बाद खेतों को जो नुकसान पहुंच रहा है उससे किसान अंजान है। आपको बता दें कि खेतों पर आग लगाने से खेतों की उर्वरा क्षमता कम हो जाती है। पर क्या करें किसानों को इस बात की जानकारी नहीं है या फिर वे किसी की बातें मानते ही नहीं।
क्या होता है नुकसान
-खेतों को साफ करने आग लगाने से मिट्टी भी जल जाती है।
-साथ ही जमीन में रहने वाले सूक्ष्म जीव जो कि फसलों के लिए महत्वपूर्ण होते हैं वे भी नष्ट हो जाते हैं। -जमीन की उर्वरा क्षमता कम हो जाती है।
-भूमि की जल धारण क्षमता कम होती है
ऐसे ही हजारों नुकसान होते हैं
ये करें किसान भाई
किसान भाईयों अगर आप अपने खेतों से उत्पादन हर  साल बढ़ाना चाहते हैं तो मेरी सलाह मानें या फिर कृषि अधिकारियों से मिलें। आप लोग गेहूं की कटनी के बाद रोटीवेटर से खेत जुतवाएं, इससे जो भी कचरा है वह जमीन के काफी अंदर पहुंच जाएगा। एक से दो साल के अंदर वह खाद बन जाएगा और फसल के लिए वरदान होगा। रोटीवेटर चलवाने में सिर्फ अधिकतम 400 रुपए एकड़ खर्च आएगा, लेकिन फायदा हजारों का।
खेतों को जलाना अपराध है
खेतों में आग लगाने के लिए जिला कलेक्टर नियम बनाते हैं। वे उन किसानों पर जुर्माना लगा सकते हैं जिनके खेतों में आग लगती है।


आईऐ देखें खेत जलाने से क्या-क्या जला, कितने किसान लुटे


घटना 30 मार्च की
-होशंगाबाद के डोलरिया, बघवाड़ा और माखननगर के गांव गनेरा में 30 मार्च को 25 एकड़ से ज्यादा की गेहूं की फसल राख हो गई। बघवाड़ा के पांच मकान भी आग में स्वाहा हो गए। -डोलरिया गांव में 30 एकड़ फसल आग की चपेट में आ गई।

-रायसेन के गोलवानी गांव में 30 मार्च को दोपहर 12 बजे लगी आग में 150 बकरियां, 5 बछड़े, दो गाय और 50 से ज्यादा मुर्गे-मुर्गियां जल गइं।
घटना 29 मार्च की
-29 मार्च को होशंगाबाद जिले के बाबई, सोहागपुर सहित कई गांवों में लाग लगी, जिसमें 1550 एकड़ क्षेत्र में सर्वाधिक नुकसान सिखाड़ गांव के किसानों को हुआ
-1000 एकड़ की फसल खाक हो गई। इसके अलावा रैपुरा, चीचली, खिड़िया, जमुनिया में करीब 500 एकड़ क्षेत्र में फसल जल गई। काजलखेड़ी गांव में भी दो एकड़ फसल और तीन एकड़ की नरबाई जल गई।
-सोहागपुर गांव में भी भूसा बनाने की मशीन से निकली आग के कारण 37 एकड़ गेहूं की फसल खाक हो गई।
-कलेक्टर निशंत  वखड़े ने नरवाई जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। 

-परवलिया थाना क्षेत्र के ग्राम कुराना में 30 मार्च की सुबह 9 बजे खेत में आग लग गई, जिसमें 33 एकड़ की गेहूं की फसल खाक हो गई।
-बैरागढ़ के थाना खजूरी के ग्राम र्इंटखेड़ी में भी 30 मार्च को दो-दो एकड़ में गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई।
-30 मार्च को ही ग्राम भौरी बकानिया में बद्रीप्रसाद के खेत में भी आग लग गई।

घटना 28 मार्च की
-28 मार्च को हरदा जिले के नांदरा में सैकड़ों एकड़ की गेहूं की फसल खाक हो गई। दोपहर एक बजे लगी आग पर रात 10 बजे काबू पाया जा सका।
-गांव के 50 से अधिक मकान भी जल गए। आग 15 किलोमीटर दूर स्थित आदमपुर, गोयत, गुल्लास, शमशाबाद, कांमियाखेड़ा, करवाना तक पहुच गई। यहां चार लोग झुलस गए और दो महिलाओं के पैर फ्रेक्चर हुए हैं।
-आदमपुर में भी भूसा निकालने की मशीन से चिंगारी निकली थी। तहसीलदार अलका एक्का के अनुसार 500 एकड़ की फसल जली
घटना 31 मार्च की
-भिण्ड के गोहद क्षेत्र के ग्राम धमसा के खेतों में गुरुवार को अचानक आग लग जाने से 12 किसानों का अनाज जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची चार दमकलों ने छह घंटे में आग पर काबू पाया।
-गोहद के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एसएल सोनी ने बताया कि ग्राम धमसा निवासी रमेश गोस्वामी के खेत में गुरुवार शाम अचानक आग लग गई थी।
-आग से 12 किसानों का करीब 100 क्विंटल से अधिक गल्ला जलकर राख हो गया।

-भिण्ड जिले के गोहद क्षेत्र के ग्राम धमसा के खेतों में गुरुवार को अचानक आग लग जाने से 12 किसानों का अनाज जलकर राख हो गया। गोहद के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एसएल सोनी ने बताया कि ग्राम धमसा निवासी रमेश गोस्वामी के खेत में गुरुवार शाम अचानक आग लग गई थी।12 किसानों का करीब 100 क्विंटल से अधिक गल्ला जलकर राख हो गया। 

Monday, March 28, 2011

सात बहनों को बड़ी दिक्कत से मिला भाई


  सड़क पर पड़ी प्रसूता महिला
  रायसेन जिले के बाढ़ेर गांव में 7 बहनों को एक भाई मिला। माजरा यह है कि गांव की काशीबाई की उम्र 32 साल है, पहले ही उनकी 7 बेटियां हैं 27 मार्च को इन 7 बहनों को एक भाई भी मिल गया, लेकिन बड़ी कठिनाई से। विदिशा से पास होने के कारण काशीबाई को प्रसव के लिए अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन बच्चे के पैदा होने को जैसे ग्रहण लग गया हो। विदिशा में इतनी सुरक्षा व्यवस्था थी, मानो ऐसा लग रहा था कि कंस का पहरा हो। चारों तरफ पुलिस वाले। काशीबाई की सास, पति आटो से प्रसूता को अस्पताल ले जा रहे थे कि ‘बदनाम’ पुलिस ने आटो रोक दिया। पति, सास ने लाखों मिन्नतें की साहब हमारी बहू को बच्चा होने वाला है, अस्पताल जाने दो। लेकिन पुलिस वालों ने उन्हें अस्पताल नहीं जाने दिया, जबकि पुलिस वाले प्रसूता को तड़पते देख रहे थे। भगवान न करे कि उस वक्त ड्यूटी पर मौजूद पुलिस वालों की बीबी, बेटी, के साथ भी ऐसा हो। क्योकि प्रसव पीड़ा वे पुलिस वाले क्या जानें यह तो एक मां बनने वाली महिला ही जान सकती है। पुलिस वाले चाहते तो आटो को अस्पताल जाने दे सकते थे। अगर उन्हें शहर आ रहे नेताओं की इतनी  ही चिंता थी तो उन्होंने यह क्यों नहीं सोचा कि मुख्यमंत्री खुद चाहते हैं कि हर प्रसव अस्पताल में सुरक्षित रूप से हो। खैर ऐसे पुलिस वालों ने ही पुलिस को बदनाम किया है। यह मामला विधानसभा में भी उठा। इस मामले पर कार्रवाई होना लाजिमी है।
  खबर इस प्रकार है-
विदिशा में प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक महिला को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों ने मात्र 200 मीटर दूर अस्पताल तक नहीं पहुंचने दिया। खुद प्रसूता, उसकी सास व पति पुलिसवालों के सामने खूब गिड़गिड़ाए लेकिन वे नहीं पसीजे। करीब आधा घंटे तक तड़पने के बाद उस महिला की चौराहे पर ही डिलीवरी हो गई। दरअसल, रविवार को विदिशा में अंत्योदय मेले में शिवराजसिंह चौहान, सांसद सुषमा स्वराज, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा सहित दर्जनों नेता शहर में आने वाले थे, इसलिए रास्तों पर कड़ी सुरक्षा की गई थी। पुलिस वाले इनकी सुरक्षा में तैनात थे। उसी समय रायसेन के ग्राम बाढ़ेर निवासी प्रहलाद सिंह अहिरवार अपनी 32 वर्षीय पत्नी काशीबाई को ऑटोरिक्शा से जिला अस्पताल ले जा रहा था। नीमताल चौराहे पर खड़े पुलिस जवानों ने उसे रोक लिया। प्रहलाद व उसकी मां कस्साबाई ने पुलिसवालों को प्रसूता की हालत के बारे में बताया लेकिन उन पर कोई फर्क नहीं पड़ा।

Thursday, March 10, 2011

साक्षात्कार का सच

मप्र लोक सेवा आयोग के दफ्तर के नंबर दो गेट पर मैं
 यह है छोटू जो कि अपनी मम्मी के साथ असिस्टेंट प्रोफेसर का इंटरव्यू देने आया था। नहीं-नहीं आप गलत समझ रहे हैं, इसकी मम्मी इंटरव्यू देने आइं थीं।

इंटरव्यू देकर आफिस से बाहर निकलतीं एक अभ्यार्थी।

 तारीख 7 मार्च दिन सोमवार मैं मप्र की व्यवासयिक राजधानी इंदौर में था। यहां पर ही मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपी- पीएससी) का प्रमुख कार्यालय है। पुरानी बिल्डिंग टूटे गेट, बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड हैं। पेड़-पौधे तो बहुत थे, पर गर्मी के मौसम में पतझड़ के कारण पेड़ों से पत्तियों का बेक्रअप हो रहा है। (बे्रकअप= फिल्म लव आजकल के बाद यह शब्द ज्यादा प्रचलित हुआ है, दो प्रेमी-प्रेमिका का जब प्यार से मन भर जाता है तो वह आपसी सहमति से अपना प्यार का रिश्ता तोड़ लेते हैं)। लेकिन यहां पर सबसे अच्छा है वो है इस इमारत की नींव यानी यहां से कई अधिकारी निकले हैं। जो इस बिल्डिंग के अंदर बैठे हैं वे भी उम्रदराज हैं पर उनका ज्ञान तो आपार है कोई भी विषय क्यों न हो, पढ़ाई के दिग्गजों की हवा निकाल देते हैं।

  इसे भी जानिए
  मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग वैसे तो अधिकारियों को पैदा करने की फैक्ट्री मानी जाती है परंतु प्रारंभ से ही यहां पर धांधली के आरोप प्रतिभागी लगाते रहते हैं। ऐसा ही मेरे सामने भी हुआ जब मैं इंदौर स्थित पीएससी के हेड आॅफिस पहुंचा। वहां पर असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति के लिए इंटरव्यू चल रहे थे। कई लोग वहां पहुंचे किसी ने टाई लगाई थी, वहीं कई युवतियां, महिलाएं साड़ी पहनकर आर्इं थीं। कई प्रतिभागियों को जब पता चला कि मैं जर्नलिस्ट हूं तब वे बोले भाई साहब आप ऐसी खबर छापिए जिससे पीएससी वाले लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के नंबर दिखाएं क्योंकि ऐसा न करने से धांधली(सेटिंग) का डर बना रहता है।
उन लोगों को मैंने कहा हां हम प्रयास करेंगे कि ऐसी खबर बनाएं इसके बात कुछ विशेषज्ञों से मेरी बात हुई जिसमें उन्होंने कहा कि ऐसा करना संभव नहीं है क्योंकि यह एक गोपनीय प्रक्रिया है और भर्ती में कोई घपला नहीं होता।
आप भी जान सकते हैं अपने नंबर
मैं आपको बता दूं कि धांधली का पता लगाना तो संभव नहीं लगता पर आप अपने नंबर जान सकते हैं वो भी सूचना के अधिकार के तहत आवेदन लगाकर। जी हां आरटीआई ही ऐसा हथियार है जिससे आप लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के नंबर जान सकते हैं। अगर कोई आरटीआई से जानकारी न दे तो हाईकोर्ट का दरवाजा खुला है। पर हां दूसरों के नंबर नहीं जाने जा सकते, ऐसे में प्रतिभागी अपना आंकलन कैसे कर सकता है। अत: साक्षात्कार का सच जानना आज भी मुश्किल ही है।